प्रदेश में जल्द ही होने वाले पंचायत चुनाव से पहले बड़े पैमाने पर पुलिस अधीक्षकों के तबादले होने की संभावना है। इसमें से अधिकतर वह जिले शामिल हैं, जहां लंबे समय से कप्तान जमे हुए हैं। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार जिलों के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिले शामिल हैं।
सूत्रों का कहना है कि इसे लेकर डीजीपी मुख्यालय और गृह विभाग स्तर पर तैयारी चल रही है। जल्द ही कुछ अच्छे अफसरों की छटनी कर उन्हें फील्ड में भेजा जाएगा। सूत्रों का यह भी कहना है कि पुलिस अधीक्षकों के अलावा कम से कम पाचं रेंज के आईजी भी जल्द बदले जाएंगे। इसमें कुछ अगले तीन-चार महीनों में रिटायर हो रहे हैं और कुछ को प्रोन्नति मिल चुकी है, फिर भी रेंज में बतौर एडीजी जमे हुए हैं।
जून तक रिटायर हो जाएंगे 5 आईजी और 7 डीआईजी
अगले तीन चार महीनों में आईजी स्तर के पांच और डीआईजी स्तर के सात अधिकारी रिटायर हो जाएंगे। इसमें अप्रैल महीने में भर्ती बोर्ड में आईजी विजय भूषण, मिर्जापुर रेंज के आईजी पीयूष श्रीवास्तव, मई माह में झांसी रेंज के आईजी सुभाष सिंह बघेल, जून माह में बरेली रेंज के आईजी राजेश पांडेय और जितेंद्र कुमार शुक्ला शामिल हैं।
वहीं रिटायर होने वाले डीआईजी में ईओडब्ल्यू में तैनात अशोक कुमार तृतीय, सुरक्षा में तैनात रतन कांत पांडेय, नोएडा कमिश्नरेट में तैनात श्रीपर्णा गांगुली, सीबीसीआईडी में तैनात अशोक कुमार पांडेय, निलंबित डीआईजी डीसी दुबे, पीटीसी सीतापुर में डीआईजी दिलीप कुमार और पावर कार्पोरेशन में डीआईजी साधना गोस्वामी शामिल हैं।