राजधानी में बीफ बिक्री पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि बाराबंकी के सफेदाबाद से बड़ा गिरोह राजधानी की मीट दुकानों पर भारी मात्रा में बीफ सप्लाई कर रहा है।
राजनीति में सरगर्मी और मोहर्रम की संवेदनशीलता के चलते पुलिस गुपचुप तरीके से इस गिरोह के बारे में पड़ताल कर रही है। बृहस्पतिवार रात बाजारखाला पुलिस ने 450 किलो बीफ सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
बाजारखाला पुलिस सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए जैद कुरैशी और उसका भाई उबैद बिल्लौचपुरा निवासी बाबर के बेटे हैं। जिस दुकान से बीफ पकड़ा गया था वह बाबर की है। छानबीन में पता चला कि टिकैतगंज चौराहा पर मारुख के मकान में एक कमरा किराये पर लेकर बाबर दुकान चलाता था।
बृहस्पतिवार देर रात दुकान का शटर गिरा होने और लाइट जलने पर किसी राहगीर ने टिकैतगंज चौकी प्रभारी दीपक सिंह को सूचना दी थी। जिसके बाद इंस्पेक्टर सीपी सिंह ने फोर्स लेकर दुकान पर छापा मारा था।
मौके से बाबर भाग निकला था। दुकान सील कर उसकी तलाश की जा रही है। जबकि उसके बेटों सहित सआदतगंज का फारुख पकड़ा गया था। सूत्रों के मुताबिक, बाराबंकी से बीफ लाकर बिल्लौचपुरा, तालकटोरा, बाजारखाला और आसपास के क्षेत्र में स्थित अधिकांश दुकानों में बेचा जा रहा है।