राज्य स्तरीय संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा लोकसभा चुनाव के बाद कराई जाएगी।
इसके लिए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी ने शासन से अनुरोध किया है कि लोकसभा चुनाव के चलते परीक्षा सेंटर बनाने में दिक्कतें आएंगी।
लिहाजा 22 मई के आसपास परीक्षा कराने की अनुमति दे दी जाए। गौरलतब है कि अभी प्रवेश परीक्षा 23 अप्रैल को निर्धारित है।
सूबे में बीएड में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा की व्यवस्था है। राज्य सरकार हर साल अलग-अलग विश्वविद्यालयों को यह जिम्मेदारी देती है।
इस बार बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीएड की करीब ढाई लाख सीटों पर प्रवेश के लिए परीक्षा होनी है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने 23 अप्रैल को परीक्षा कराने की तारीख रखी है। इसके लिए 17 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
लोकसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है। उत्तर प्रदेश में छह चरणों में मतदान होना है। इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन चाहता है कि मतगणना के बाद बीएड प्रवेश परीक्षा कराई जाए।