लखनऊ। बीबीडी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक विनय द्विवेदी ने यूनाइटेड बुक्स सप्लायर के मालिक जोसेफ अलफोनस और कर्मचारी अमित कुमार पर किताबों की सप्लाई के नाम पर 23.46 लाख ठगने का आरोप लगाया है। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के आदेश पर बीबीडी पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
वरिष्ठ प्रबंधक के मुताबिक उनके पास विश्वविद्यालय और डेंटल संकाय की लाइब्रेरी की किताबों और पत्रिकाओं की खरीद व रखरखाव का भी जिम्मा है। दिसंबर 2022 में अमित विश्वविद्यालय पहुंचा था। उसने कहा था कि फर्म का दफ्तर चेन्नई में है, जिसके मालिक कर्नाटक निवासी जोसेफ हैं। डेंटल कॉलेज के लिए सभी किताबें और पत्रिकाएं उसकी फर्म विश्वविद्यालय को सही दाम पर सप्लाई कर देगी। भरोसा जीतने के लिए आरोपी ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों से जोसेफ की मोबाइल पर बात भी कराई थी।
वरिष्ठ प्रबंधक के मुताबिक बात तय होने पर विश्वविद्यालय ने जोसेफ की फर्म को एक जनवरी 2023 से नौ मई 2023 तक 23.46 लाख रुपये की किताबों का ऑर्डर दिया था। मगर फर्म ने सिर्फ पांच लाख की 35 पत्रिकाओं की सप्लाई की, जो बेकार थीं। अमित से जब खराब किताबें ले जाने और ऑर्डर पूरा करने की बात कही गई तो वह टालमटोल करने लगा। दबाव बनाने पर जोसेफ ने विश्वविद्यालय को 10 दिसंबर 2024 को 15 लाख का चेक दे दिया, जो बाउंस हो गया।
रकम लौटाने की बात कहने पर आरोपियों ने 15 जून 2025 तक ऑर्डर पूरा करने की बात कही। मगर कुछ नहीं किया। विनय का आरोप है कि जब उन्होंने बीबीडी पुलिस से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्होंने डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।