लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के पर्यावरण विज्ञान विभाग के प्रो. नरेंद्र कुमार को राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन (एएनआरएफ) की पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान विषय की तकनीकी कार्यक्रम समिति का सदस्य नामित किया गया है। कुलपति राज कुमार मित्तल ने बधाई देते हुए कहा कि यह उनके वैज्ञानिक योगदान का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है। एएनआरएफ देश में अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली संस्था है। इसका उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है। एएनआरएफ ने हाल ही में एडवांस्ड रिसर्च ग्रांट (एआरजी) कार्यक्रम शुरू किया है। यह एक प्रतिस्पर्धी अनुदान योजना है जो विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में मौलिक और अनुप्रयुक्त अनुसंधान को प्रोत्साहित करती है। इसके तहत शोधकर्ताओं को वित्तीय सहायता दी जाती है। एआरजी योजना के प्रस्तावों के मूल्यांकन के लिए एएनआरएफ ने विभिन्न विषयों की तकनीकी कार्यक्रम समितियों का गठन किया है। प्रो. नरेंद्र कुमार पृथ्वी एवं वायुमंडलीय विज्ञान समिति के सदस्य के रूप में अनुसंधान प्रस्तावों का तकनीकी मूल्यांकन करेंगे। यह समिति अधिकतम पांच करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता वाले प्रस्तावों का मूल्यांकन कर सकती है। (माई सिटी रिपोर्टर)