लखनऊ। भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क 2025 (आईआईआरएफ) की रैंकिंग में बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) को 19वां स्थान मिला है। विवि प्रशासन का दावा है कि स्थापना के बाद से बीबीएयू ने लगातार छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देते हुए बौद्धिक विकास बढ़ावा दिया है। नवीनतम आईआईआरएफ रैंकिंग इसके विशिष्ट संकाय, मेधावी छात्रों और मजबूत प्रशासनिक समर्थन के समर्पित प्रयासों का ये रैंक बड़ा प्रमाण है।
कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल ने कहा कि ये उपलब्धि शिक्षण, अनुसंधान और समग्र संस्थागत प्रदर्शन में उत्कृष्टता की हमारी निरंतर खोज को दर्शाती है। यह एक सामूहिक सफलता है जो हमें शिक्षा और नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने का काम करेगी।
इस तरह होती है रैंकिंग
भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (आईआईआरएफ) देश भर में अलग-अलग शिक्षण संस्थानों का मूल्यांकन और रैंकिंग करता है। इसमें विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, अंडरग्रेजुएट कॉलेज और कानून, डिजाइन, आर्किटेक्चर, एमबीबीएस, डेंटल, नर्सिंग, फार्मेसी , फिजियोथेरेपी, पब्लिक हेल्थ, हॉस्पिटैलिटी, जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन जुड़े कॉलेज शामिल हैं। आईआईआरएफ रैंकिंग में अलग-अलग मापदंडों के आधार पर मूल्यांकन होता है। इसमें प्लेसमेंट प्रदर्शन, शिक्षण अधिगम संसाधन और शिक्षाशास्त्र, अनुसंधान , उद्योग आय और एकीकरण, प्लेसमेंट रणनीतियां, रोजगारपरक शिक्षा, छात्रों की सुविधाओं का भी आकलन होता है।
2024 में एनआईआरएफ रैंकिंग में मिला था 33वां स्थान
आईआईआरएफ रैंकिंग के अतिरिक्त, बीबीएयू ने एनआईआरएफ 2024 रैंकिंग में 33वां स्थान हासिल किया था।