लखनऊ। कोतवाली काकोरी क्षेत्र के खानपुरमऊ गांव में चुनावी रंजिश को लेकर शुक्रवार देर रात खेत से गेहूं लेकर वापस आ रहे मजदूरों पर गांव के ही दबंगों ने वोट न देने को लेकर मारपीट की। इस दौरान हवाई फायरिंग कर दहशत का माहौल बना दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली काकोरी क्षेत्र के सुनील कुमार यादव निवासी ग्राम खानपुरमऊ ने बताया कि वह गल्ला खरीदने व बेचने का काम करते हैं। शुक्रवार देर रात मजदूर रज्जन पाल, आकाश रावत, महिला प्रधान प्रत्याशी के पति वीरेंद्र यादव के घर से गेहूं डीसीएम पर लादकर घर वापस आ रहे थे। आरोप है कि तभी एक अन्य प्रधान प्रत्याशी के पति अवधेश यादव अपने भाई अभय के साथ पहुंचे और मजदूर रज्जन व आकाश को रास्ते में रोककर चुनाव में वोट न देने की बात करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
मामला बढ़ता देख दोनों मजदूर भागकर सुनील के घर पर पहुंच गए। आरोप है कि अवधेश यादव व अभय तमंचा लेकर पहुंच गए और वोट न देने को लेकर गालियां देते हुए ईंट-पत्थर घर में फेंकने लगे। तभी घर से सुनील व दोनों मजदूर बात करने के लिए निकलने लगे। इतने में अवधेश ने दो राउंड हवाई फायर करते हुए जान से मारने की धमकी दी और भाग निकले। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए। इस संबंध में इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह गौर ने बताया कि प्रधानी के चुनाव की रंजिश को लेकर मारपीट हुई है। गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है, पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पड़ताल की जा रही है।