लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज की टीम बच्चों को पढ़ाने के साथ उनके अभिभावकों को कर रहे जागरुक
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कॉलेज के सात छात्रों की टीम ने शिक्षा की अलख जगाने का बीड़ा उठा रखा है। यह टीम अपनी पढ़ाई के साथ ही झुग्गी-झोपड़ी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बच्चों को पढ़ाने का काम करती है।
पढ़ाई के अलावा बच्चों के परिवारीजनों को जागरूक भी कर रहे हैं। सुलतान शर्मा, विनय, अवनीश शुक्ला, अभिषेक पटेल, अमन कुमार, आजाद सिंह और सुधीर की टीम का मानना है कि अगर हम लोगों इस तरह का अभियान चलाएं तो देश शत-प्रतिशत साक्षर हो सकता है।
सुलतान शर्मा बताते हैं कि पहले वे लोग अलग-अलग लोगों को पढ़ाने का काम करते थे। पिछले दिनों अमेरिका से एक मिशनरी के आने के बाद सबने मिलकर तय किया कि इस अभियान को थोड़ा बड़ा रूप दिया जाय।
इसलिए अब सभी एक साथ मिलकर बच्चों को पढ़ाने का काम करते हैं। इसका फायदा यह होता कि भीड़ को संभालने में आसानी होती है तथा लोगों की काउंसलिंग करना भी आसान हो जाता है। उनकी टीम के सदस्य लखनऊ और ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की और टीम बनाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।