मारपीट के बाद पूछताछ करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के इमामीपुर गांव में रविवार सुबह अवैध कनेक्शन कर मोटर चलाने की जांच करने पहुंची पावर कॉर्पोरेशन की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम में शामिल अवर अभियंता और चार कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। आरोप है कि हमलावरों ने कर्मचारियों के पांच मोबाइल और 30 हजार रुपये भी छीन लिए। पुलिस ने जख्मी जेई व एक कर्मचारी का मेडिकल कराते हुए केस दर्ज किया है। आरोपी घर से फरार हो गए हैं।
रामनगर डिवीजन व विद्युत वितरण खंड सूरतगंज के अवर अभियंता शैलेंद्र कुमार यादव के अनुसार रविवार सुबह सूचना मिली थी कि मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के इमामीपुर गांव में कुछ लोग अवैध कनेक्शन से मोटर चलाकर सिंचाई कर रहे हैं। इस पर वे अपने कर्मचारियों मोहम्मद अलीम, इरशाद, निरंकार और शफीक के साथ जांच के लिए गांव पहुंचे।
टीम का कहना है कि जब उन्होंने अमेरा गांव के कल्लू, जगत राम और गुड्डू को अवैध रूप से मोटर चलाते देखा तो सबूत के तौर पर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। तभी करीब 20 ग्रामीण एकत्र हो गए और विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
टीम का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और भागते समय पत्थर भी फेंके गए। हमले में लाइनमैन अलीम के पैर में चोट आई है, जबकि अवर अभियंता को भी अंदरूनी चोटें आई हैं। दोनों को पुलिस ने मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा है। अवर अभियंता का कहना है कि हमलावरों ने उनके पांच मोबाइल फोन और कुल 30 हजार रुपये भी छीन लिए। इसके अलावा, सरकारी पत्रावली भी ग्रामीणों ने कब्जे में ले ली। मोहम्मदपुर खाला के कोतवाल जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।