बाराबंकी के रामनगर में बुधवार रात को एक भीषण हादसा हो गया। प्लाई लदा हुआ एक डंपर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए 30 फीट नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। इस दौरान बगल के ट्रैक से गरीब रथ एक्सप्रेस गुजर रही थी जो कि अमृतसर से सहरसा की ओर जा रही थी।
हादसे में इतना जोर का धमाका हुआ कि ट्रेन हिल गई। यात्रियों में अफरातफरी मच गई और वो अनहोनी की आशंका में ट्रेन से बाहर की ओर भागे। यात्रियों ने बताया कि इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका गया। जब हमने घटनास्थल पर जाकर देखा तो एक डंपर रेलवे ट्रैक पर गिरा पड़ा था।
अमर उजाला की टीम ने मौके पर जाकर पड़ताल की तो ग्रामीणों ने बताया कि पुल संकरा है और सड़क में गड्ढे भी हैं। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने पहले भी आवाज उठाई थी कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है पर जिम्मेदारों ने परवाह नहीं की। अब जब कल हादसा हो गया तो रेलवे और पुलिस के अधिकारी व टीमें यहां पर मौजूद हैं।