कोबरा के डसने से हुई मौत। डेमो पिक।
- फोटो : Adobe Stock
बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के मुनक्की पुरवा गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने वाले पिता-पुत्र की कोबरा सांप के डसने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ऐसी घटी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुनक्की पुरवा गांव के रहने वाले महेश (60) और उनका 22 वर्षीय पुत्र सोमवार को छात्रपालन गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे। शाम करीब चार बजे भट्ठे के पास एक कोबरा सांप निकल आया, जिसे पिता-पुत्र ने पकड़ लिया।
इसके बाद दोनों जयपुर थाना क्षेत्र के जरहरा गांव में माता रानी के पंडाल में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में पहुंच गए। आरोप है कि वे वहां मौजूद भीड़ को वह सांप दिखाने लगे। इसी दौरान सांप ने पहले पुत्र को डस लिया और जब पिता महेश ने उसे बचाने की कोशिश की, तो सांप ने उन्हें भी काट लिया।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन दोनों को तुरंत जिला अस्पताल, बाराबंकी लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने पिता महेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुत्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। एक साथ पिता-पुत्र की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।