बाराबंकी पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। जालसाजी के मामले में विवेचना के दौरान बाराबंकी की साइबर क्राइम सेल प्रभारी अनूप कुमार यादव ने 65 लाख की वसूली कर डाली। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस महानिदेशक के आदेश पर अनूप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रविवार देर रात उसे हिरासत में लेकर निलंबित कर दिया गया है।
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि विश्वास ट्रेडिंग कंपनी के शंकर गायन ने दर्ज कराई प्राथमिकी में अनूप पर जांच के बहाने प्रताड़ित करने और 65 लाख की वसूली का आरोप लगाया।
उन्होंने पुलिस महानिदेशक से शिकायत की थी। मुकदमे की विवेचना क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। बताया गया कि कंपनी के निदेशकों ने वसूली का आरोप लगाने के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा रकम लिए जाने के कुछ फोटोग्राफ भी पुलिस महानिदेशक को सौंपे थे।
शिकायत के बाद डीजीपी ओपी सिंह ने एसटीएफ को जांच सौंपी थी। इस मामले में अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका की भी जांच हो रही है। इस कंपनी के लखनऊ के विभूतिखंड स्थित कार्यालय को भी बाराबंकी पुलिस ने सील किया था।