लखनऊ। समिट बिल्डिंग में एक बार फिर मारपीट का मामला सामने आया है। बिल्डिंग में बने एक बार में पहुंचे तीन दोस्तों को बाउंसरों ने पीट दिया। विभूतिखंड पुलिस ने पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
अलीगंज के त्रिवेणीनगर-दो निवासी दीपू जायसवाल ने बताया कि वह दोस्त मयंक और यश के साथ चार सितंबर को फायर फ्लाई बार पहुंचे थे। रात करीब 12.45 बजे बार के बंद होने के समय को लेकर उनका बाउंसरों से विवाद हो गया। आरोप है कि पांच बाउंसर उन्हें साथियों संग घसीटकर गेट नंबर-1 के पास ले गए और जमकर पीटा। इसके बाद रोहतास अपार्टमेंट के पास पीटा। उनकी चेन भी छीन ली। इंस्पेक्टर सुनील सिंह के मुताबिक, सीसीटीवी कैमरे में कुछ बाउंसर चिह्नित किए गए हैं। चेन छीनने के आरोप की जांच की जा रही है।