लॉकर काटने में बैंक मैनेजर सहित अन्य स्टाफ से होगी पूछताछ
लखनऊ। चिनहट स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक के लॉकर काटकर करोड़ों की चोरी के मामले में गोमतीनगर पुलिस ने बैंक मैनेजर और सिक्योरिटी इंचार्ज सहित अन्य स्टाफ को बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस भेजा है।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को सभी को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। पुलिस बैंक की सुरक्षा में बरती गई कमियों के बारे में भी सवाल-जवाब करेगी। इसके लिए सवालों की सूची भी बनाई है। साथ ही बैंक के कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसके अलावा पुलिस जेल में बंद सभी आरोपियों को जल्द रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की बात कह रही है। कोर्ट खुलने के बाद रिमांड अर्जी दाखिल की जाएगी।
सूची में यह सवाल शामिल
- गोल्ड लोन लॉकर की जानकारी स्टाफ में किसके-किसके पास थी?
- अलार्म डे-मोड और नाइट-मोड सेलेक्ट करने का काम किसका था?
- 14 दिसंबर से अलार्म को नाइट-मोड सेलेक्ट क्यों नहीं किया?
- बदमाशों ने गोल्ड लोन वाले लॉकर को क्यों हाथ नहीं लगाया?
अब तक हुई कार्रवाई
बैंक में हुई करोड़ों की चोरी के मामले में अब तक पुलिस बिहार मुंगेर निवासी अरविंद कुमार, भागलपुर निवासी बलराम कुमार और मुंगेर निवासी कैलाश बिंद, सीतापुर निवासी विपिन कुमार और बिहार मुंगेर निवासी मिथुन को गिरफ्तार कर चुकी हैं। वहीं दो चोर सोविंद और सन्नी दयाल मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं। पुलिस चोरी किए गए लाखों के जेवरात, नकदी, दो कार और एक बाइक भी बरामद कर चुकी है।