लखनऊ। ऑनलाइन गेम खेलने के दौरान बांग्लादेशी नागरिक को भारतीय युवती से प्रेम हो गया। इसके बाद वह लखनऊ आकर बाजारखाला के भदेवा में अवैध रूप से रहने लगा। इसकी भनक लगने पर खुफिया एजेंसियों ने छानबीन की। इसके बाद बांग्लादेश के चटोग्राम निवासी सज्जाद हुसैन को गुलजारनगर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसका जाली आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार करने वाले मो. तलहा को भी गिरफ्तार किया गया है।
इंस्पेक्टर बाजारखाला ब्रजेश सिंह के मुताबिक खुफिया एजेंसियों ने सूचना दी कि भदेवा में एक बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से रह रहा है। उसने फर्जी तरीके से भारतीय पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी बनवाकर बैंक खाता भी खुलवा लिया है। आरोपी सज्जाद ने बताया कि वह भदेवा स्थित नसीरूल्ला अपार्टमेंट में रहता है। उसके पास से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, भारतीय पैन कार्ड, वोटर आईडी, आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। छानबीन में सामने आया कि सज्जाद का वीजा समाप्त हो चुका है। उसने पड़ोस में रहने वाले जनसेवा केंद्र के संचालक मो. तलहा से जाली आधार कार्ड और पैन कार्ड बनवाए थे। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पब्जी खेलने के दौरान हुई थी फरहीन से दोस्ती
पूछताछ में सज्जाद हुसैन ने बताया कि वर्ष 2018 में पब्जी गेम खेलने के दौरान जूही इब्राहिम नाम की आईडी के जरिये उसकी दोस्ती फरहीन नाज से हुई। दोनों अक्सर बातचीत करने लगे और फिर प्रेम हो गया। फरहीन से मिलने के लिए सज्जाद 18 अगस्त 2023 को पहली बार सऊदी अरब से लखनऊ आया। फरहीन ने उसे बहन के घर पर ठहराया। 28 अगस्त 2023 को दोनों ने अयोध्या जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद सज्जाद लखनऊ में ही पत्नी के साथ रहने लगा।
जाली निवास, जन्म प्रमाणपत्र भी बनवा लिया
राजधानी में रहने के दौरान सज्जाद हुसैन को भारतीय दस्तावेजों की जरूरत महसूस हुई। इन्हें बनवाने के लिए उसने पड़ोसी मो. तलहा से संपर्क किया। तलहा की मां के खाते में आरोपी ने 900 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने के अलावा दो हजार रुपये नकद भी दिए। तलहा ने उसका जाली निवास और जन्म प्रमाणपत्र तैयार कर दिया। इसके माध्यम से अन्य दस्तावेज बन गए और सज्जाद ने नाका स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में खाता भी खुलवा लिया। खास बात यह है कि सज्जाद का निवास प्रमाणपत्र 10 अगस्त 2023 को बनवाया गया जबकि वह पहली बार 18 अगस्त 2023 को भारत आया था। पुलिस ने शुक्रवार को सज्जाद को गिरफ्तार करने के बाद शनिवार को तलहा को भी दबोच लिया। फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने तलहा की दुकान से दस्तावेज, कंप्यूटर और सीपीयू कब्जे में ले लिया है।