लखनऊ। पक्का पुल से सीतापुर रोड तक 3.37 किलोमीटर लंबी बंधा रोड 15 मीटर तक चौड़ी होगी। एलडीए ने 38 करोड़ रुपये की लागत से कार्य शुरू करा दिया है। मंगलवार को एलडीए वीसी ने मौके का निरीक्षण कर दिसंबर तक पूरा करने निर्देश दिए।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि पक्का पुल से प्रियदर्शिनी योजना होते हुए सीतापुर रोड से कनेक्ट होने वाली यह बंधा रोड अभी पांच मीटर चौड़ी है। इस पर ट्रैफिक का काफी दबाव रहता है। आए दिन जाम की समस्या रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए बंधा रोड को 15 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए मौके पर मिट्टी भराई का कार्य शुरू करा दिया गया। चौड़ीकरण होने से खदरा, मदेयगंज, फैजुल्लागंज, प्रियदर्शिनी योजना समेत आसपास की लगभग 10 लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी।
अलीगंज स्टेडियम में अधूरे काम पर लगाई फटकार
एलडीए वीसी ने अलीगंज स्टेडियम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्वीमिंग पुल अन्य खेल सुविधाओं का काम अधूरा होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संचालक को चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वीसी ने कहा कि स्टेडियम में स्वीमिंग पूल, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट व नया बास्केटबॉल कोर्ट बनेगा। इससे लोगों को नई और बेहतर खेल सुविधाएं प्राप्त होंगी।
जानकीपुरम में सामुदायिक केंद्र और नाले का होगा निर्माण
वीसी ने बताया कि जानकीपुरम में कुर्सी रोड पर सरगम अपार्टमेंट के पास 14,800 वर्गमीटर भूमि पर सामुदायिक केंद्र और बागवानी कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा मौर्या विहार से जानकी विहार कॉलोनी के बीच तीन करोड़ रुपये से 1,600 मीटर लंबे आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है। नाले के बनने से दो लाख आबादी को जलभराव की समस्या से मुक्ति मिलेगी।