लविवि परिसर की कैंटीन में अब किसी भी तरह की पार्टी नहीं होगी। इसके आयोजन का प्रयास करने वाले छात्र-छात्राओं से विश्वविद्यालय प्रशासन सख्ती से निपटेगा। कुलानुशासक कार्यालय ने बृहस्पतिवार को इस बाबत निर्देश जारी कर दिए।
कुलानुशासक प्रोफेसर राकेश द्विवेदी ने बताया कि कैंटीन में छात्र-छात्राएं अक्सर जन्मदिन आदि की पार्टी करते हैं। इससे वाद-विवाद व मारपीट की घटनाएं हो जाती हैं। अब कैंटीन में किसी भी तरह की पार्टी के आयोजन पर रोक लगा दी गई है। संचालकों को सीसीटीवी कैमरे से कैंटीन की निगरानी करने के साथ रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
परिसर की किसी भी कैंटीन के पास वाहन खड़ा करने के साथ बाहरियों के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। इन नियमों का उल्लंघन हुआ तो छात्र-छात्राओं पर कार्रवाई के साथ कैंटीन को बंद करवाया जाएगा। गौरतलब है कि लविवि की कैंटीन में बुधवार को जन्मदिन पार्टी के दौरान छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई थी। इसमें स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र अभिराज पर दूसरे गुट ने सूजे से हमला कर दिया था। मामले में अब तक दो छात्रों के निलंबन के साथ एक छात्र को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।