रायबरेली। भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। 70 डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ को अयोध्या के लिए रिलीव करने के बाद सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने सभी स्टॉफ की छुट्टी पर रोक लगा दी है। सभी डॉक्टरों व अन्य पैरामेडिकल स्टॉफ को अपने अस्पतालों में ही रात में रुकने के आदेश दिए गए हैं। बिना स्वीकृति के किसी भी छुट्टी नहीं दी जाएगी। उन्होंने सीएचसी अधीक्षकों को भी अलर्ट कर दिया गया है।
आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम में जिले के 19 डॉक्टरों समेत 70 स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ड्यूटी लगने के बाद जिले में डॉक्टरों व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ की कमी हो गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर रखने के साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए सीएमओ ने 22 जनवरी तक सभी की छुट्टियों पर रोक लगा दी है।
उन्होंने सीएचसी अधीक्षकों व अन्य डॉक्टरों को दिन के साथ ही रात में ही अपने अस्पताल में रहने के आदेश दिए गए हैं। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 22 जनवरी तक सभी की छुट्टी रोकी गई है। सभी को अस्पतालों में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सीएचसी अधीक्षकों को अलर्ट किया गया है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।