लखनऊ। वजीरगंज स्थित बलरामपुर अस्पताल में वकील की वेशभूषा में आए अराजक तत्वों ने हंगामा किया। उन्होंने अस्पताल का पिछला गेट तोड़ दिया और एक सिपाही को दौड़ाकर पीटा। वजीरगंज थाने में तैनात दरोगा शिवम अवस्थी ने 15 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दरोगा शिवम के अनुसार, 18 मई को उन्हें वीडियो मिला। वीडियो में 15 लोग वकील के वेश में अस्पताल के पिछले गेट को तोड़कर अंदर घुसते दिखे। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों और आम जनता से धक्का-मुक्की की। आरोपियों ने मॉर्च्यूरी के पास पुलिस कर्मियों से गाली-गलौज की और विरोध पर सिपाही व जनमानस को पीटा। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से घटना की पुष्टि हुई। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि फुटेज के आधार पर अराजक तत्वों की तलाश की जा रही है।