फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बकरीद : खरीदारों से बाजार में छाई रौनक

Sun, 16 Jun 2024 01:56 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। बकरीद सोमवार को मनाई जाएगी। त्योहार के मद्देनजर एक हफ्ते से बाजार सजे हैं, जहां अब भीड़ बढ़ने से रौनक छाने लगी है। बकरीद के दिन सुबह ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा कराई जाएगी। त्योहार पर सेंवइयों के साथ ही कई पकवान बनाने के लिए मुस्लिम परिवारों में तैयारियां चल रही हैं। बकरा मंडी भी लगी है, जहां बकरों की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन


त्योहार के मद्देनजर सब्जी मंडी तिराहा, कहारों का अड्डा, तेलियाकोट, किला बाजार समेत कई जगह सेंवई की दुकानें सजी हैं। कैपरगंज, घंटाघर, सुपर मार्केट की बाजारों समेत कई शॉपिंग मॉल में कपड़े और सौंदर्य प्रसाधन खरीदने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। बकरीद के दिन नमाज के लिए ईदगाहों में तैयारियां पूरी कराई जा रही हैं। प्रमुख मस्जिदों में भी नमाज के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। शहर में ईदगाह डबल फाटक में सबसे ज्यादा भीड़ रहती है।
हाफिज सुहैल अख्तर रजा ने बताया कि बकरीद सोमवार को मनाई जाएगी। ईदगाहों और प्रमुख मस्जिदों में नमाज होगी। गर्मी को देखते हुए ज्यादातर जगह सुबह 7 बजे से 8.30 बजे के नमाज का वक्त तय किया गया है।
विज्ञापन


50 हजार तक के बिक रहे बकरे
शहर के टाउन हॉल में बकरा मंडी लगी है। हफ्ते भर से आसपास के गांवों से पशु पालक बकरों को लेकर पहुंच रहे हैं, लेकिन बाजार में खरीदार नहीं आ रहे थे। शुक्रवार शाम से बकरा मंडी में भीड़ नजर आने लगी। जिन लोगों को अपने घरों में कुर्बानी करानी है, वे लोग बकरे खरीदने पहुंच रहे हैं। पशु पालकों ने बताया कि आठ हजार से कम कीमत का कोई बकरा नहीं है और 50 हजार रुपये कीमत तक के बकरे मिल रहे हैं। शनिवार को किला बाजार निवासी अफरोज ने 20 हजार रुपये वाला बकरा खरीदा।

मेहमानों को परोसेंगे लजीज व्यंजन, तैयारियां हुई शुरू
मुस्लिम परिवारों में बकरीद के पर्व पर ईद की तरह की सेंवई समेत कई तरह के पकवान बनाए जाएंगे। इसके लिए मुस्लिम घरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। ज्यादातर लोगों ने सेंवई की खरीदारी कर ली है। अन्य पकवान बनाने के लिए भी खरीदारी कर रहे हैं। अबु मुस्लिम, शरीफ, नवाज ने बताया कि मुख्य पकवान सेंवई बनाई जाएगी। शहंशाह, ताहा अब्दुल्ला, मिनहाज ने बताया कि बाजार में कई किस्म की सेंवई मिल रही है, जिनकी कीमत 60 रुपये से 120 रुपये प्रति किग्रा है। सेंवई को स्वादिष्ट बनाने के लिए सूखे मेवे व खोवा भी मंगाया है।
चिकन के कपड़े और कॉटन सूट की मांग
भीषण गर्मी और लू की वजह से इस बार चिकन के कपड़ों और कॉटन सूट की डिमांड ज्यादा है। दुकानदार बताते हैं कि दोपहर में धूप की वजह से कम लोग दिखते हैं, लेकिन शाम होते ही भीड़ आने लगती है। रेडीमेड व्यवसायी हरमंदर सिंह सलूजा ने बताया कि इस बार भारी कढ़ाई वाले सूट नहीं बिक रहे हैैं। गर्मी अधिक है, इसलिए सामान्य कॉटन सूट ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। प्लाजो और नायरा सूट भी बिक रहे हैं। चिकन के कपड़ों के व्यवसायी उजैर अहमद ने बताया कि गर्मी ज्यादा है और महंगाई भी बढ़ी है, जिससे खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह कम है। चिकन के कुर्ता-पायजामा बिक रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें