महराजगंज हिंसा में मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद के पड़ोसी मून के घर पर भी नोटिस चस्पा किया गया था। शनिवार को मून अपनी दुकान खाली करते नजर आए थे। लेकिन कोर्ट की रोक के बाद सोमवार को वह अपनी दुकान में सामान रखकर बैठे नजर आए।
पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप, बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
महसी बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हरदी पुलिस पर बिना सर्च वारंट के घर में घुसकर लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन दिया है। अध्यक्ष राजवंत मिश्रा ने बताया कि पुलिस अचानक किसी के भी घर में घुस रही है। घर में मौजूद लोगों के साथ अभद्रता की जा रही है। रविवार की देर रात सिपहियाप्यूली निवासी पूर्व महामंत्री रामकरण त्रिपाठी के घर में घुसकर उन्हें अपमानित किया। जबकि उनका घटना से कोई संबंध नहीं है। इस दौरान सर्वेश कुमार अवस्थी, राम तेज मिश्रा, रूद्रप्रकाश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
महराजगंज हत्याकांड को लेकर ब्राह्मण संगठनों में उबाल है। सोमवार को अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने आठ सूत्रीय मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। जिलाध्यक्ष पंडित दीपक त्रिवेदी ने बताया कि मृतक राम गोपाल मिश्रा के परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता, परिवार को नौकरी की मांग की गई है। साथ ही पुलिस द्वारा बिना प्रमाण के हिंदू समाज के किसी भी व्यक्ति की गिरफ्तारी न करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का रवैया घटना के बाद से ठीक नहीं है। ब्राह्मण समाज के घरों पर देर रात दबिश दी जा रही है। दिलीप त्रिपाठी ने कहा कि एक ओर विकास दूबे की गाड़ी पलटा दी जाती है तो वहीं यहां एनकाउंटर का नाटक किया गया। ब्राह्मणों की प्रताड़ना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान किशन मिश्र, संदीप अवस्थी, छोटू त्रिवेदी, सूरज त्रिपाठी, अंबरीष आदि मौजूद रहे।
पसमांदा समाज ने सौहार्द बनाए रखने को सौंपा ज्ञापन
महाराजगंज कस्बे में हुई घटना को लेकर सोमवार को मिहींपुरवा में पसमांदा समाज के पदाधिकारियों ने एसडीएम संजय कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने पहुंचे इबादुल हक, नफीस अहमद, आवेश अंसारी, इश्तिखार अहमद आदि ने बताया कि ज्ञापन सौंपने का उद्देश्य क्षेत्र में शांति बनाए रखना है।