सड़क बनाने के लिए सुजानडीह दाखिला बरा निजाम गांव में नहर पटरी पर खोदे गए गड्ढे में डूबने से मंगलवार को दाे सगे भाइयों के साथ एक बच्चे की मौत हो गई। तीनों गांव के ही परिषदीय विद्यालय में पढ़ते थे। दोपहर करीब 12:30 बजे घर से निकले थे। शिवदहा से पृथ्वीनाथ तक तीन माह से सड़क का निर्माण चल रहा है। इसी क्रम में सुजानडीह गांव के पास जेसीबी से मिट्टी निकाल कर करीब सात फीट गहरा कर दिया गया था, जिसमें सोमवार को बारिश का पानी भर गया। मंगलवार को उसी गड्ढे के किनारे ग्रामीण धान की रोपाई कर रहे थे। इस बीच दस्तगीर (09) व उसके छोटे भाई मोहम्मद आलम (07) के साथ गांव के ही जैनुल आबदीन (10) उसी गड्ढे में नहाने के लिए उतरे और डूबने लगे। यह देख ग्रामीणों के साथ पहुंचे परिजन तीनों को बाहर निकाल सीएचसी विश्वेश्वरगंज ले गए, जहां जांच के बाद अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार पांडे ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी नहीं है। सड़क निर्माण में बगल से मिट्टी लेने का प्रावधान है। वहां से कितनी मिट्टी निकाली गई, इसकी जानकारी नहीं है। देख कर ही कुछ बताया जा सकता है।