बहराइच जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम व गनर
- फोटो : amar ujala
शुक्रवार देर रात गाड़ी के टक्कर के बाद ग्रामीणों ने बहराइच के जिला पंचायत अध्यक्ष सहित तीन लोगों को लाठी-डंडा से मारा पीटा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष की जेब में रखा 32,000 रुपया भी छीन लिया। पुलिस मामले को शांत कराकर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। तीनों को डाक्टरी परीक्षण के लिए पीएचसी रूपईडीह भेजा गया है।
कौड़िया थाना क्षेत्र के गोंडा- बहराइच मार्ग पर मल्लापुर के पास अंबेडकरनगर रिश्तेदार की मिट्टी में शामिल होकर परिवार के साथ बहराइच के जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम मन्ना अपने घर बहराइच जा रहे थे। वहीं थाना क्षेत्र के जेठपुरवा गांव के गोसाई पुरवा निवासी इमरती बिसेन गोंडा बरात गए हुए थे। वहीं से बोलेरो से लौट रहे थे। जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी आगे और बारातियों की गाड़ी पीछे से आ रही थी। तेज बारिश व ओले पड़ने के कारण जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी ने अचानक मल्लापुर के पास ब्रेक ली। पीछे आ रही बोलेरो ने बांए तरफ टक्कर मार दिया और गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बोलेरो चालक भागा। बोलेरो आगे आगे भागी और पीछे से जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी ने पीछा किया।
बारातियों की गाड़ी अपने गांव जेठपुरवा के मजरा गोसाई पुरवा रुकी कि जिला पंचायत अध्यक्ष के गनर व बारातियों में मारपीट हो गई। शोर मचाने पर गांव के लोग जमा हो गए। दोनों पक्षों में कहासुनी व मारपीट हुई। इसकी सूचना जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्थानीय पुलिस व पुलिस अधीक्षक को देते हुए ग्रामीणों पर मारने-पीटने व जेब में रखें 32,000 नगद छीन लेने व गाड़ी में बैठे परिवार को जलाने का प्रयास करने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष कौडिया विनय कुमार सरोज ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष की शिकायत पर गांव के तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष नदीम मन्ना, ड्राइवर व गनर को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है।