बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर 27 लाख के अवैध सोने के साथ युवक गिरफ्तार, जीएसटी चोरी का मामला
लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊंडल के बादशाहनगर स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल(आरपीएफ) की टीम ने एक युवक को 27 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरों के साथ शुक्रवार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक के पास से बरामद सोना टैक्स चोरी(जीएसटी बचाने) के उद्देश्य से चौक सर्राफा बाजार से बिना बिलखरीदा गया था।
आरपीएफ की टीम शाम करीब चार बजे बादशाहनगर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को देखकर एक युवक अपने बैग को छिपाते हुए उल्टी दिशा में भागने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को भांपकर आरपीएफ के जवानों ने उसे दबोच लिया। आरपीएफ ने बताया कि उसके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में सोने के जेवरात बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि पकड़ा गया युवक संतकबीरनगर के खलीलाबाद का निवासी है। आरपीएफ के मुताबिक बरामद सोने के जेवर 18 कैरेट के हैं, जिनका कुल वजन लगभग 250 से 300 ग्राम के बीच है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 27 लाख रुपये आंकी गई है। आरपीएफ टीम ने पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी को पूरी रिपोर्ट भेजी है। चूंकि मामला सीधे तौर पर टैक्स चोरी और बिना बिल के सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़ा है, इसलिए आगे की विधिक कार्रवाई के लिए जीएसटी(वस्तु एवं सेवा कर) की टीम को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल जीएसटी विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है।