लखनऊ। दिल्ली से शुक्रवार सुबह वाराणसी जा रहा एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। वाराणसी में लैंडिंग के अनुकूल मौसम न होने से उड़ान को अमौसी एयरपोर्ट पर उतारा गया। दोपहर 12 बजे तक विमान यहां खड़ा रहा। वाराणसी का मौसम सही होने पर इसे रवाना किया गया।
एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का विमान (आईएक्स-1225) दिल्ली से सुबह करीब साढ़े छह बजे उड़ान भरकर सुबह आठ बजे वाराणसी में उतरता है। शुक्रवार सुबह विमान 90 यात्रियों और छह क्रू सदस्यों को लेकर दिल्ली से वाराणसी पहुंचा, पर मौसम खराब होने से लैंडिंग नहीं हो सकी। विमान के हवा में कई चक्कर काटने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से उड़ान को लखनऊ डायवर्ट करने की अनुमति मांगी गई। इसके बाद सुबह साढ़े आठ बजे विमान चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा।