मंदिर के लिए शिलाएं पहुंचने के बाद बुधवार को बाबरी मस्जिद का मॉडल सामने आने से हड़कंप मच गया। प्रशासन ने फौरन दखल देकर मॉडल से बाबरी मस्जिद की पट्टी तो हटवा दी। इससे नाराज तकरीबन 40 लोग राम जन्मभूमि थाने पहुंचे और विरोध जताया, प्रशासन ने उन्हें समझाबुझाकर वापस भेज दिया।
मंदिर के लिए राजस्थान से दो ट्रकों में शिलाएं आने के विरोध में मस्जिद के पक्षकारों ने भी पत्थर मंगवाने की बात कही थी।
बुधवार को पैगंबरे इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मौके पर कजियाना मोहल्ला में नूरानी कमेटी की ओर से सजाए गए मंच पर थर्माकोल से बना बाबरी मस्जिद का मॉडल मुख्य मार्ग पर सजा दिया गया। यह अधिगृहीत विवादित परिसर की बैरीकेडिंग के ठीक सामने है।
जानकारी होते ही आईबी, स्पेशल ब्रांच और एलआईयू ने सबसे पहले उच्चाधिकारियों को सूचना दी।