लखनऊ विश्वविद्यालय ने बीएड दाखिले के लिए तीसरे फेज की आवंटन सूची रविवार को जारी कर दी। तीसरे चरण में 26,554 अभ्यर्थियों को सीट आवंटित हुई है। इनको 25 जून तक बची हुई फीस जमा करके सीट कंफर्म करनी है। तीसरे फेज के साथ ही पहले और दूसरे फेज के आवंटित अभ्यर्थी भी 25 जून तक फीस जमा कर सकते हैं।
तीसरे फेज में 70,001 से लेकर 1,40,000 रैंक तक के अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में शामिल किया गया था। इस फेज में कुल 27,998 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इसमें से 27,028 ने विकल्प भरे और 26,554 अभ्यर्थियों को सीटें मिली। ये अभ्यर्थी पूल या डायरेक्ट काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। प्रवेश समन्वयक प्रो. नवीन खरे ने बताया कि चौथे और अंतिम फेज के लिए पंजीकरण भी रविवार से शुरू हो गया। इसका सीट आवंटन 22 और 23 जून को होगा। अभ्यर्थियों के पास 28 जून तक फीस जमा करने का मौका होगा।