नगर विकास मंत्री आजम खां ने भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सपा की पिछली सरकार में योगी आदित्यनाथ जेल चले गए थे तो संसद में फूट-फूटकर रोने लगे थे। अब वो फिर वैसी ही हरकत करने लगे हैं।
योगी आदित्यनाथ के बयान कि अब कोई जोधा अकबर के साथ नहीं जाएगी, पर उन्होंने कहा कि वो मुख्तार अब्बास नकवी और शहनवाज हुसैन से पूछ लें।
भाजपा विधायक सुरेश राणा की ओर से मुजफ्फरनगर आने की चुनौती देने पर कहा कि कुछ छोटे लोग हम पर पत्थर मारकर शोहरत पाने की कोशिश कर रहे हैं।
आजम खां ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि लव भी पाक अल्फाज है और जेहाद भी। इस पाक अल्फाज का गलत इस्तेमाल न करें। जो गलत इस्तेमाल करेगा उसके लिए कानून है। कुछ लोग नफरतों से सियासी फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
ये कहा था योगी आदित्यनाथ ने
गौरतलब है कि भाजपा के फायर ब्रांड नेता व गोरखपुर से सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि भाजपा भारत को आतंकवाद की धरती नहीं बनने देगी। आतंकवादियों को ओसामा बिन लादेन की तरह बिल में घुसना होगा। भाजपा दंगे रोकती है और दंगाइयों को ठिकाने लगाने का भी काम करती है।
सपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार को प्रदेश की 21 करोड़ जनता की नहीं, जेल में बंद अलकायदा व हिजबुल मुजाहिदीन के आतंकियों की चिंता है। उन्होंने सपा को परिवारवादी पार्टी व सपा मुखिया को धृतराष्ट्र बताया।
योगी ने कैबिनेट मंत्री आजम खान पर हमला बोलते हुए कहा कि आजम खान बिजनौर के मंडावर में जोधा अकबर की कहानी सुनाकर और लव जेहाद को पाक बताकर गलतफहमी न रहें।
हिंदू कभी दंगे नहीं करता
रविवार को यहां एक सभा में भाजपा प्रत्याशी हेमेंद्रपाल सिंह के लिए वोट की अपील करने आए योगी आदित्यनाथ ने कहा यूपी अपनी पहचान खो चुका है। पिछले ढाई साल में मुजफ्फरनगर, सहारनपुर समेत 450 दंगे व सांप्रदायिक झड़पें हो चुकी हैं। सपा की तुष्टिकरण की नीति से वर्ग विशेष के लोग दंगे कर रहे हैं। हिंदू कभी दंगे नहीं करता है।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार हाईकोर्ट के आदेश नहीं मानती है। गन्ने का भुगतान नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। सरकार जज्बातों और संकल्प से चलती है। सपा सरकार के सारे संकल्प खत्म हो चुके है, अब जनता के लिए भाजपा ही विकल्प है।
बिजनौर को विदुर की धरती बताते हुए कहा कि विदुर नीति पांच हजार साल से प्रासंगिक है। उपचुनाव में धृतराष्ट्र, दुर्योधन व दुशासन को सत्ता से उखाड़ फेंकना है। राम की तुलना बाबर व भगवान कृष्ण की तुलना औरंगजेब से करने वाले सत्ता में बैठे हैं।
आजम को भी नहीं बख्शा था योगी ने
योगी ने कैबिनेट मंत्री आजम खान पर भी हमला बोला, कहा- हम महाराणा प्रताप व शिवाजी की परंपरा को मानते हैं। हमारी परंपरा लेने की है, देने की नहीं। योगी ने कहा कि वे सांई के विरोध में नहीं हैं और न ही मंदिरों से मूर्ति हटाने का समर्थन करते हैं।
वहीं योगी आदित्यनाथ के मंच से ही थानाभवन के विधायक व बिजनौर के प्रभारी सुरेश राणा ने कहा कि भारत माता को डायन कहने वाले नेता प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। उन्होंने आजम खान पर दंगे भड़काने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से उन्हें मंत्री पद से हटाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि आजम खान मुजफ्फरनगर जिले में घुसकर दिखाएं। कहा कि बिजनौर में रुचि वीरा से नहीं बल्कि भाजपा का चुनाव आजम खान से है।
जिस पर सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश में दंगे कराने की साजिश रच रही है।