लखनऊ। चार माह से वेतन न मिलने से नाराज आयुर्वेद अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन की मिलीभगत से कंपनी ने आठ माह का पीएफ तक नहीं दिया है। टूड़ियागंज के राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल के सभी आउटसोर्स कर्मचारियों ने आयुर्वेद निदेशक को पत्र भेजकर दिवाली से पहले पूरा वेतन देने की मांग की है।
पत्र में कहा कि चार माह से वेतन न मिलने से परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की फीस, मकान का किराया तक नहीं दे पा रहे हैं। कर्मचारियों पर कर्ज भी हो चुका है। छुट्टियां भी न मिलने का आरोप लगाया। प्राचार्य डॉ. दिनेश कुमार मौर्य का कहना है कि आउटसोर्स कर्मचारियों को सर्विस प्रोवाइडर कंपनी वेतन देती है। इनकी नियुक्ति आयुर्वेद निदेशालय से होती है। हमारे कॉलेज व अस्पताल से कर्मचारियों की उपस्थिति, अनुपस्थिति का ब्योरा निदेशालय भेजा जाता है। वेतन देने का काम कंपनी का है। उम्मीद है कि दिवाली से पहले वेतन मिल जाए।