उधर, लखनऊ अयोध्या हाईवे पर 10 लग्जरी बसें मोहम्मदपुर पुलिस चौकी के पास जैसे ही बाराबंकी की सीमा में दाखिल हुई आसपास सड़कों पर खड़े लोगों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। यहीं से पुलिस ने बसों के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना लिया। बाराबंकी शहर के बाईपास से होते हुए बसों का यह काफिला सफदरगंज थाना क्षेत्र में दादरा के पास रॉयल होटल के पास रुका। भगवान राम की भक्ति में मस्त मंत्री विधायकों की यहां पर जोरदार अगवानी की गई। अधिकारियों ने आग्रह किया कि जलपान करें। बस से उतरते ही मंत्री विधायकों ने जय श्रीराम का जय घोष किया। होटल के अंदर चाय पर राजनीति को लेकर चर्चा शुरू हुई तो उसके केंद्र राम थे।
बस में सवार उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व अन्य।
- फोटो : amar ujala
यहां स्वागत से अभिभूत मंत्री विधायकों ने बाराबंकी की संस्कृति को सराहा। करीब 25 मिनट जलपान करने के बाद मंत्री विधायकों के बसों का काफिला रामधुन के बीच एक बार फिर रामनगरी की ओर रवाना हो गया। स्वागत से अभिभूत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जय श्रीराम का जोरदार उद्घोष किया तो विधायक शलभमणि त्रिपाठी के अयोध्या की इस आनंदमई यात्रा का विडियो एक्स पर पोस्ट किया।
बस में सवार राजा भैया, कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा व विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना।
- फोटो : amar ujala
10 सुपर लग्जरी बसों से अयोध्या जा रही है योगी सरकार
परिवहन निगम की ओर से दस सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को तैयार कर लिया गया था। बसों का भौतिक निरीक्षण अफसरों ने किया है। बसों को फूलों से सजाया गया है। भगवान राम के ध्वज व स्टिकर लगाए गए हैं। विधानसभा के सामने से रविवार सुबह 8.30 बजे बस विधायकों को लेकर अयोध्या रवाना हुई। इसके पहले शनिवार को 10 सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को क्षेत्रीय कार्यशाला में दुरुस्त किया गया। उनकी साफ सफाई की गई। बसों को गुलाब और गेंदे के साथ ही टेसू के फूलों से भी सजाया गया। जिन सीटों पर माननीय बैठेंगे उन सीटों के ऊपर भी खुशबू फैलाने के लिए फूल लगाए गए हैं। साफ सुथरे पर्दे लगाए गए हैं। नए कारपेट बिछाए गए हैं। बसों में भगवान राम के ध्वज और राम मंदिर के स्टीकर लगाए गए। इन पवन हंस बसों में भी रामधुन की व्यवस्था की गई है। सभी माननीय राम की नगरी अयोध्या जाते समय राम के भजनों का लुत्फ मिलेगा, जिससे भक्तिमय माहौल पैदा होगा। माननीयों को बस के अंदर परिवहन निगम की यात्रा दर्पण, एक डायरी और कैलेंडर का फोल्डर उपलब्ध कराया जाएगा। पीने के लिए पानी भी रहेगा।
आरआई ने जांची बसें, दिया ग्रीन सिग्नल
आरटीओ कार्यालय में तैनात संभागीय प्राविधिक अधिकारी (आरआई) प्रशांत कुमार और विष्णु कुमार ने माननीयों को ले जाने वाली बसों का कार्यशाला में भौतिक निरीक्षण किया। लाइटिंग, इंडीकेटर, टायर, विंडस्क्रीन, एलाइनमेंट आदि चेक की। जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करवाया। इसके बाद दोनों अफसरों ने ग्रीन सिग्नल दिया।
अयोध्या में गेट नंबर 11 से बसों की एंट्री रामलला के दरबार में हुई। इस दौरान बस में सवार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य नजर आए। उन्होंने सभी का अभिवादन किया।