फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya: ड्रोन और चोरों के नाम पर हिंसक हो रहे ग्रामीण, रातभर कर रहे पहरेदारी, 14 गिरफ्तार

Wed, 17 Sep 2025 09:03 PM IST
ishwar ashish अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

सार

ग्रामीणों ने राहगीरों व मानसिक मंदितों को भी चोर समझकर पीट दिया। जिले भर में भय के साये में ग्रामीण जी रहे हैं। उनकी रातें पहरेदारी करते हुए गुजर रही हैं।
विज्ञापन
डंडा लेकर पहरेदारी करते ग्रामीण - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ड्रोन कैमरे और चोरी के नाम पर अब ग्रामीण हिंसक होने लगे हैं। सुनसान इलाकों में पैदल जा रहे राहगीरों, मानसिक मंदितों को भी चोर समझकर पीट रहे हैं। इससे उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है। इस तरह की घटनाओं में शामिल 14 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी के भय से ग्रामीणों की रात पहरेदारी में बीत रही है। लोग लाठी-डंडा लिए रतजगा करने को विवश हैं। हालांकि, अभी तक जिले में ड्रोन या चोरी की इस तरह की किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अफवाहों से दूर रहने और किसी तरह से कानून व्यवस्था हाथ में न लेने की अपील कर रही हैं।

विज्ञापन


बहन के घर जा रहे राहगीर और बहनोई की पीटा, 10 नामजद
खंडासा क्षेत्र के पलिया लोहानी निवासी ओम प्रकाश मंगलवार की देर शाम लगभग 7:30 बजे बड़ी नहर पर किसी साधन से उतरकर नहर की पटरी से पैदल खंडासा के अंजरौली गांव में अपनी बहन के घर जा रहे थे। बेलखरा गांव के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और चोर होने की अफवाह फैलाते हुए गुहार लगाई। बहन के घर जाने की बात बताने के बावजूद भीड़ ने उनकी पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर उनके बहनोई गोविंद अपने भाई धर्मराज के साथ मौके पर पहुंचे तो भीड़ ने चोर का साथी बताकर उन्हें भी जमकर पीटा। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनका चालान करके न्यायालय भेजा गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इसके पहले सोमवार की रात खंडासा के ही बेहटा गौहनियां में पानी टंकी का सामान लेकर आए युवक की भीड़ ने पिटाई की थी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज करके सात आरोपियों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया था।

ड्रोन की अफवाह फैलाने वाला युवक गिरफ्तार
मिल्कीपुर। कुमारगंज क्षेत्र के कड़बड़ पुरवा निवासी विकास ने पुलिस को आसमान में ड्रोन उड़ने की सूचना दी थी। जांच में सूचना गलत पाए जाने व अफवाह फैलाने पर कुमारगंज पुलिस ने विकास के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे उप जिलाधिकारी मिल्कीपुर के न्यायालय भेजा गया है। थानाध्यक्ष कुमारगंज ओमप्रकाश ने लोगों से अपील की है कि फर्जी ड्रोन के संबंध में बिना कोई पुष्टि के अफवाह न फैलाएं। अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

जेल भेज गए मानसिक मंदित युवक की पिटाई के आरोपी

रौनाही थाना क्षेत्र के गांव बुधौली में मंगलवार को चोर समझकर कुछ लोगों ने एक मानसिक मंदित युवक की पेड़ से बांध कर पिटाई की थी। पुलिस ने युवक को अपने संरक्षण में लेकर अस्पताल भिजवाया और पांच नामजद सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। 24 घंटे की विवेचना के दौरान पुलिस ने युवक की पहचान करवाकर परिजनों के सुपुर्द किया और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक अब्दुल रहमान ने बताया कि युवक बिहार के सीवान का रहने वाला है। आरोपियों का चालान करके न्यायालय भेजा गया है।

झूठी निकली ड्रोन उड़ने की सूचना, एक गिरफ्तार
रौजागांव। रुदौली कोतवाली क्षेत्र के प्रकाश पुरम मे बीते मंगलवार की रात लोगों ने स्थानीय पुलिस को ड्रोन उड़ने की सूचना दी। सीओ रुदौली आशीष निगम, प्रभारी निरीक्षक रुदौली संजय मौर्य आदि मौके पर आए और पूछताछ में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी तो पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मंगलवार को गोगांवा सहित अन्य गांवों में ड्रोन की अफवाह से लोग रात भर पहरेदारी करते रहे। सीओ आशीष निगम ने बताया कि ड्रोन उड़ाने जैसी निराधार अफवाहों पर विश्वास न करें। झूठी खबरों पर ध्यान न देने के लिए गांवों में चौपाल लगाई जा रही है।

भय में जी रहे ग्रामीण, कर रहे पहरेदारी
पूरा बाजार। महाराजगंज क्षेत्र के पूरा बाजार, नारा, रहेरवा, तारापुर, पिलखांवा, बिल्वहरिघाट, रसड़ा आदि गांवों में लोग भय में जी रहे हैं और रात भर पहरेदारी करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बीते कुछ दिनों में लगातार चोरी की वारदातें हुई हैं। इसके चलते अब वह रात को बारी-बारी से मोहल्लों की घेराबंदी और गश्त कर रहे हैं। माहौल इतना डरावना है कि रात के सन्नाटे में कोई भी आवाज सुनते ही लोग घरों से बाहर निकल पड़ते हैं और आवाज की दिशा में दौड़ लगाते हैं। कई बार निर्दोष लोगों को भी शक के आधार पर घेर लिया जाता है, जिससे अनावश्यक तनाव की स्थिति बन रही है। तारापुर के आलोक कुमार राना, प्रमोद कुमार भारती, विवेक कुमार, चंद्रप्रकाश, कृपाशंकर, अमरजीत, दिवाकर, बंटी, सोनू, अभिषेक आदि ने बताया कि रात को जरा सी आहट होते ही पूरा मोहल्ला चौकन्ना हो जाता है। महिलाएं और बुजुर्ग भी रात में जागकर चौकसी करने को विवश हैं। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त तेज करने और संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें