लखनऊ। अयोध्या रोड पर यातायात दबाव कम करने के लिए लागू की गई डायवर्जन व्यवस्था के कारण रविवार को छुट्टी के दिन भी लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
कमता बस स्टैंड के पास बैरिकेडिंग लगाकर की गई यू-टर्न व्यवस्था के कारण चिनहट तिराहा, पॉलीटेक्निक और कमता में हर मोड़ पर जाम की स्थिति बन रही है। पॉलीटेक्निक से शहीद पथ जाने वाले वाहनों को सीधे जाने के बजाय लंबा यू-टर्न लेकर चिनहट या कमता होते हुए भेजा गया। इससे सामान्य रास्तों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई है और यातायात धीमा हो गया है। हालांकि जगह-जगह तैनात ट्रैफिक पुलिस यातायात को सामान्य कराते दिखी।
साप्ताहिक बाजार के चलते सड़क जाम, दो घंटे जूझते रहे लोग
सरोजनीगनर। बंथरा कस्बे में साप्ताहिक बाजार के चलते रविवार को एक बार फिर भीषण जाम लग गया। लखनऊ से कानपुर जाने वाली पटरी पर शाम करीब पांच बजे से लगा जाम दो घंटे तक चला। आलम यह रहा कि लोगों के पैदल और साइकिल से निकलना भी मुश्किल हो गया। गौरतलब है कि बंथरा में प्रत्येक बुधवार और रविवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। बाजार में आने वाले लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है।