श्रीराम मंदिर का सिक्का प्रतीकात्मक रूप से जारी होने के बाद रातों-रात इसकी मांग बेतहाशा बढ़ गई है। बीते तीन दिनों में कोलकाता, कानपुर, हाथरस, लखनऊ व दिल्ली के बड़े कारीगरों से केवल यूपी के लिए 10 लाख सिक्के ऑर्डर किए गए लेकिन 8 लाख की सप्लाई हो सकी। ये सिक्के अयोध्या में आए मेहमानों को बांटने के लिए भी ऑर्डर किए गए थे।
ऑल इंडिया गोल्ड स्मिथ ज्वेलर्स फेडरेशन के मुताबिक सिक्कों की ढलाई अब भी रात-दिन चल रही है। पूरे प्रदेश से करीब तीन हजार व्यापारियों के ऑर्डर ढलाई कारीगरों के पास हैं।
इसके अतिरिक्त सोने व चांदी के राम मंदिर और राम मंदिर के आकार वाली अंगूठी की मांग बढ़ गई है। यूपी सराफा एसोसिएशन के एके जैन के मुताबिक रामलला की प्राण प्रतिष्ठा ने सराफा बाजार को एक नया अवसर दिया है। राम मंदिर वाले सिक्कों की बढ़ी मांग को देखते हुए बाकी काम रोककर सिक्के बनाने के ऑर्डर दिए गए हैं।
ज्वैलरी के एक नेशनल ब्रांड के रीजनल हेड आरके सचदेवा ने बताया कि सोने व चांदी के सिक्के भी ब्रांडेड होने वाले हैं। पांच से 50 ग्राम तक के राममंदिर सिक्के चांदी के तैयार हो रहे हैं और पांच से दस ग्राम के सोने के। सोने के छल्ले पर राममंदिर वाली अंगूठी पहले ही काफी लोकप्रिय हो चुकी है। इसका वजन दस से 26 ग्राम के बीच का है।