अयोध्या में भरकर आ रही हैं ट्रेनें।
- फोटो : अमर उजाला
राम मंदिर में रोजाना तीन लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन पूजन कर रहे हैं। मंदिर सुबह 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक खोला जा रहा है। इसके बावजूद बहुत सारे श्रद्धालु दर्शन नहीं कर पा रहे हैं। एक श्रद्धालु को राम मंदिर में लाइन में लगकर दर्शन करने में दो से तीन घंटे लग जा रहे हैं। भीड़ का आलम यह है कि व्यवस्थाएं देने में प्रशासन व राम मंदिर ट्रस्ट के पसीने छूट रहे हैं। राम मंदिर परिसर में स्थित लाॅकर की सुविधा कम पड़ गई है। ऐसे में बहुत सारे श्रद्धालु अपने सामान व मोबाइल लेकर अंदर दर्शन करने के लिए चले जा रहे हैं। प्रशासन श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन करने की व्यवस्था में लगा हुआ है।
अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अयोध्या उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की एक बैठक की गई। चर्चा की गई कि दर्शनार्थियों के साथ स्थानीय नागरिकों की हित को भी ध्यान में रखा जाए। बैठक में मांग उठाई गई कि स्थानीय नागरिकों व व्यापारियों को हो रही भारी दिक्कत को देखते हुए उनके आधार कार्ड व व्यापारी कार्ड को पास माना जाए। जरूरी आवश्यक रोजमर्रा की चीजों का आवागमन मेला क्षेत्र में तत्काल प्रभाव से बिना रोक-टोक के सुनिश्चित करवाया जाए। दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति न होने से किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय व्यापारियों को एक पटरी से दूसरी पटरी पर जाने के लिए और अवरुद्ध न किया जाए। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज गुप्त, महामंत्री नंदलाल गुप्त, वरिष्ठ व्यापारी नेता विनोद श्रीवास्तव, अचल गुप्त, राधेश्याम गुप्त, प्रेम सागर मिश्र, अश्वनी गुप्त, आनंद कसौधन, विनोद पाठक, अनिल मौर्य, श्याम सुंदर कसेरा व विकास गुप्त मौजूद रहे।