विवि के दीपोत्सव नोडल अधिकारी प्रो संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए सोमवार को तीसरे दिन सभी वालंटियर 16 गुणे 16 के प्रत्येक ब्लॉक में 256 दीये सजा रहे हैं। 25 लाख दीपों को जलाने का रिकार्ड बनाने के लिए देर शाम तक 28 लाख दीये बिछाने का कार्य अब संपन्न होने की कगार पर है। 29 अक्टूबर दिन को गिनीज वर्ल्ड रिकार्डस की टीम के कंसल्टेंट निश्चल बरोट की अगुवाई में 30 लोगों की टीम व विवि की गणना समिति के सदस्यों द्वारा 55 घाटों पर सजाये गए दीपों की गणना देर शाम तक की जायेगी। वहीं 30 अक्टूबर को 28 लाख दीयों में तेल, बाती लगाकर देर शाम प्रज्ज्वलित करने के साथ एक नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी डाॅ विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि दीपोत्सव की भव्यता के लिए कुलपति ने दीपोत्सव नोडल अधिकारी को निर्देशित किया है कि समिति के संयोजकों से सामंजस्य बनाते हुए कार्यों को अंतिम रूप प्रदान किया जाए।