अयोध्या जेल से दो बंदियों के फरार होने के मामले में डीजी जेल ने एक और डिप्टी जेलर को निलंबित किया है। साथ ही शनिवार को दो और जेल वार्डर सस्पेंड कर दिए गए हैं। उपमहानिरीक्षक कारागार, अयोध्या परिक्षेत्र की जांच आख्या के आधार पर राजू उर्फ राजदीप, उप कारापाल, हेड जेल वार्डर प्रभुनाथ कुमार व जेल वार्डर दीपक कुमार पांडेय को निलम्बित करते हुए विभागीय कार्यवाही संस्थित की गयी।
डीआईजी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि रोजाना शाम को चेकिंग होने के बाद ही बंदियों को बैरकों के भीतर किया जाता है। जांच में सामने आया कि फरार हुए बंदी अपने साथ कोई उपकरण ले गए थे, जिसकी मदद से दीवार की ईटों को निकाला और वहां से भाग निकले। इससे स्पष्ट हुआ कि बैरक में भेजने से पहले इनकी चेकिंग नहीं की गई थी। चेकिंग की जिम्मेदारी डिप्टी जेलर राजू की थी। इस लापरवाही की वजह से उनको निलंबित किया गया है।
डीजी जेल पीसी मीणा ने बताया कि प्रकरण में एक और डिप्टी जेलर की लापरवाही उजागर हुई है। इसलिए उसको निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। गहनता से मामले की जांच जारी है। जो भी दोषी होंगे उन सभी पर कार्रवाई की जाएगी।