श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महामंत्री चंपत राय ने ''प्रतिष्ठा द्वादशी'' के आयोजन और मंदिर परिसर में बन रहे अन्य 18 मंदिरों के निर्माण की प्रगति बताई। चंपत राय अपने शिविर कार्यालय भरत कुटी, कारसेवक पुरम में पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि समस्त हिंदू पर्व, त्योहार तिथियों के अनुसार ही मनाए जाते हैं, जैसे रामनवमी, कृष्ण जन्माष्टमी, विवाह पंचमी आदि। उसी तरह प्राण-प्रतिष्ठा की जयंती पौष शुक्ल द्वादशी को ''प्रतिष्ठा द्वादशी'' नाम दिया गया है, जो इस वर्ष 11 जनवरी को है। एक सवाल के उत्तर में उन्होंने बताया कि गूढ़ मंडप पूर्णता की ओर है, शीघ्र ही राम दरबार की स्थापना होगी। जो 18 मंदिर और बन रहे हैं दशावतार, शेषावतार, निषादराज, शबरी, अहिल्या,संत तुलसीदास आदि के मंदिरों में तेजी से काम चल रहा है। जो तिथियां सोची गई हैं परमात्मा की इच्छा रही तो सब उसी अनुसार होगा।