लखनऊ। शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है। इसी उद्देश्य के साथ विज्ञान फाउंडेशन ने शनिवार को निशातगंज स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शिक्षा चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें जानकीपुरम, माड़ियांव, बड़ा खुदान, पारा, बालागंज और अहमदगंज से सैकड़ों प्रतिभागी शामिल हुए। उन माताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जिनकी बेटियां पढ़ाई छोड़ चुकी थीं। 22 फरवरी से चल रहे इस अभियान के जरिये ड्रॉपआउट किशोरियों और उनके अभिभावकों को जागरूक किया गया। शहरी बस्तियों की आठ ड्रॉपआउट किशोरियां चिह्नित भी की गईं, जिन्हें दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा में लाने का संकल्प लिया गया। मुख्य अतिथि जन शिक्षण संस्थान के अवधेश कुमार और राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के मुस्तकीम ने विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।