लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई में अस्पताल प्रशासन विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश हर्षवर्धन के मुताबिक, सेंट्रल लाइन से जुड़ा खून का संक्रमण (सीएलएबीएसआई) बेहद गंभीर स्थिति है। सावधानी और जागरूकता से इस संक्रमण से बचना संभव है। डॉ. राजेश हर्षवर्धन बुधवार को संस्थान में आयोजित जागरूकता कार्यशाला में बोल रहे थे।
डॉ. ज्ञानचंद ने बताया कि सीएलएबीएसआई बैक्टीरिया या फंगस के किसी सेंट्रल लाइन (नस में डाली गई लंबी, लचीली नली) के जरिये रक्त में प्रवेश करने पर होता है। यह मुख्य रूप से अस्पताल में भर्ती मरीजों में होता है और इससे मृत्यु दर बढ़ सकती है। यह रोकी जा सकने वाली बीमारी है, जिसे हाथ की स्वच्छता और सही देखभाल से कम किया जा सकता है। इस मौके पर नर्सिंग अधिकारियों और छात्रों ने सीएलएबीएसआई रोकथाम बंडल, कैथेटर रखरखाव प्रोटोकॉल और सुरक्षित वैस्कुलर एक्सेस प्रोटोकॉल का प्रदर्शन किया। डॉ. अश्मिता पॉल ने इन व्यावहारिक प्रदर्शन सत्रों का संचालन किया।