लखनऊ। अवधी व्यंजनों की खुशबू व स्वाद से पर्यटकों को रूबरू कराने के उद्देश्य से उत्तरप्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से शनिवार से दो दिवसीय अवधी फूड फेस्टिवल शुरू होने जा रहा है। इस संबंध में शनिवार को प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें बताया कि फेस्टिवल दोपहर दो बजे से रात 10 बजे तक आयोजित किया जाएगा। फूड फेस्टिवल पर्यटन निगम के प्रदेश के सात होटलों में आयोजित किया जाएगा, जिसमें होटल गोमती लखनऊ, होटल इलावर्त प्रयागराज, पर्यटक आवास गृह वाराणसी, पर्यटक आवास गृह आगरा, रामगढ़ ताल द्वारा पथिक निवास कुशीनगर, रोहिला मोटल बरेली एवं राही पर्यटक आवास गृह चित्रकूट शामिल हैं। होटलों में आने वाले अतिथियों को अवधी व्यंजन, स्वादिष्ट चाट, मुरादाबादी दाल, मुरादाबादी बिरयानी के साथ ही अनेक प्रकार के पराठे, चटनियां, अचार भी खाने में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं भी कराई जाएगी। बोन फायर की भी व्यवस्था रहेगी। रामगढ़ ताल, गोरखपुर में फूड फेस्टिवल में अतिथियों के लिए नौकायान की भी व्यवस्था रहेगी।