लखनऊ। इटौंजा में शुक्रवार सुबह सवारी बैठाने के विवाद में ई ऑटो के ड्राइवर ने महोना निवासी टेंपो चालक तौसीफ (26) को सड़क पर पटक दिया। इसी बीच तेज रफ्तार रोडवेज बस तौसीफ को रौंदते हुए निकल गई। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
महोना निवासी जैद के मुताबिक उनके भाई तौसीफ किराये पर टेंपो चलाते थे। वह शुक्रवार को टेंपो में सवारी लेकर लखनऊ जा रहे थे। सुबह 10 बजे वह इटौंजा के कल्याणपुर के पास रुक कर सवारी भरने लगे। तभी वहां ई ऑटो चालक भी सवारी बैठाने के लिए आ गया। इससे दोनों में विवाद हो गया और ई ऑटो चालक ने तौसीफ को उठाकर सड़क पर पटक दिया। इससे पहले कि तौसीफ उठ पाते रोडवेज बस उन्हें कुचलते हुए निकल गई। घटना के बाद ई ऑटो चालक भाग निकला। इंस्पेक्टर मार्कंडेय यादव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तौसीफ के पिता ने तहरीर में ई-ऑटो चालक का जिक्र न करके बस चालक को आरोपी बनाया है। हालांकि, जांच में उसे भी शामिल कर कार्रवाई की जाएगी।
बेटे के जन्मदिन के दूसरे दिन घर में मातम
तौसीफ के परिवार में पत्नी शीबा दो बेटे और एक बेटी है। भाई जैद ने बताया कि तौसीफ के एक बेटे का बृहस्पतिवार को जन्मदिन मनाया था। घर में जन्मदिन और बकरीद को लेकर खुशियों का माहौल था। अब पूरे घर में मातम छा गया है। भाभी सीबा का रो-रो कर बुरा हाल है।