काकोरी में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में तेज किशन खेड़ा गांव के मजरा बीबी चक निवासी ऑटो चालक गुरु प्रसाद (42) की हत्या कर दी गई। गुरु प्रसाद की शुक्रवार को गांव के ही दो लोगों से मारपीट हो गई थी। आरोपियों ने मारपीट के बाद गुरु प्रसाद का गमछे से गला कस दिया था।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक गुरु प्रसाद शुक्रवार शाम करीब सात बजे सकरा गांव स्थित ठेके पर शराब पीने गए थे। इसी दौरान वहां पर गांव के ही कमलेश गौतम और अंकित रावत अपने एक अन्य साथी के साथ पहुंच गए। ठेके पर शराब पीने को लेकर किसी बात पर गुरुप्रसाद से आरोपियों की बहस हो गई। इसके बाद आरोपियों ने गुरु प्रसाद की जमकर पिटाई कर दी। हमले के बाद भी जब आरोपियों का मन नहीं भरा तो उन्होंने गमछे से गुरु प्रसाद का गला कस दिया। गुरु प्रसाद को मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी भाग निकले।
ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। रविवार शाम को गुरु प्रसाद की हालत बिगड़ने लगी। इस पर उन्हें डॉक्टरों ने दूसरे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन गुरु प्रसाद को लेकर दूसरे अस्पताल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि गुरु प्रसाद की बेटी आसनी गौतम ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों से उनके तीसरे साथी के बारे में पूछताछ की जा रही है।
उधर, पोस्टमार्टम के बाद गुरु प्रसाद का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों ने किसी तरह परिजनों को शांत कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गुरु प्रसाद की मौत गला कसने से होना बताया गया है।
दो दिन तक शांत रही पुलिस
ग्रामीणों ने घुरघुरी तालाब चौकी की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि दो दिन तक पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की छानबीन में गुरु प्रसाद से मारपीट की पुष्टि भी हुई थी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ना मुनासिब नहीं समझा था। इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
कैमरे में ठेके पर शराब खरीदते दिखे थे गुरु प्रसाद
गुरु प्रसाद के बेटे रोहित ने बताया मां का पहले ही देहांत हो गया था। इसके बाद से पिता ने ही तीन बच्चों को पाला। उन्होंने कभी मां की कमी महसूस नहीं होने दी। गुरु प्रसाद 12 सितंबर की शाम को अंग्रेजी शराब के ठेके पर शराब खरीदते कैमरे में कैद हुए हैं। गुरु प्रसाद ठेके से 50 मीटर दूर पीछे जाकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंच गए थे। पुलिस को घटनास्थल के पास से शराब की बोतल, मोबाइल फोन और ऑटो मिला है।
ठेेके पर आए दिन होता है हंगामा
सकरा ठेके के आसपास रह रहे लोगों ने बताया कि दोनों ही ठेकों पर आए दिन शाम को जमावड़ा लगा रहता है। पुलिस चौकी से चार सौ मीटर दूरी पर काकोरी मोहान जाने वाले मुख्य मार्ग पर ठेका होने के कारण आवागमन में भी लोगों को दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अक्सर ठेके पर हंगामा होता है।