वार्ड के गेट का कांच तोड़ दिया
डॉ. विपिन का आरोप है कि किसी तीमारदार ने उनकी सोने की चेन खींच ली। वार्ड के गेट का कांच तोड़ दिया। डॉक्टर ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। इस दौरान आरोपी इमरजेंसी में हंगामा करते रहे। डॉ. विपिन ने केस दर्ज कराया है।
इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने बताया कि आलमबाग निवासी अधिवक्ता विकास पांडेय, पारा के अमित कुमार, हर्ष कुमार, सूरज यादव, राज वर्धन सिंह, विकास नगर के ध्रुव यादव व मोहनलालगंज के पंकज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
मरीज के पति का बीपी बढ़ा तो डॉक्टर ने किया इलाज
साथियों को मारपीट व हंगामा करते देखकर महिला मरीज के पति संजय सिंह का ब्लड प्रेशर बढ़ गया। वह अचेत होकर गिर गए। डॉक्टर विपिन ने तत्काल इलाज मुहैया कराया। इसके बाद संजय सामान्य हो गए। डॉ. विपिन ने बताया कि इलाज न मिलने की दशा में ब्रेन हेमरेज हो सकता था।
दो एसयूवी लेकर पहुंचे थे आरोपी
अस्पताल के स्टाफ ने बताया कि मरीज को लेकर नशे में धुत परिजन दो एसयूवी से पहुंचे थे। गाड़ियां अस्पताल के मेन गेट के सामने रोकी थीं। इस पर गार्ड से उनकी कहासुनी भी हुई थी। तीमारदार गार्ड को धमकाते हुए इमरजेंसी में घुस आए थे।
घटना के विरोध में ठप कीं सेवाएं
मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर अस्पताल के स्टाफ ने शनिवार सुबह सेवाएं ठप कर दीं। डॉक्टर दो घंटे तक ओपीडी में नहीं बैठे। इस कारण मरीजों को लौटना पड़ा। अस्पताल सीएमएस डॉ. श्याम सुंदर व इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी काम पर लौटे।