गुडंबा। एसबीआई कल्याणपुर शाखा के बाहर लगे एटीएम में बदमाश ने चोरी का प्रयास किया। आरोपी ने एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर दिया, पर नकदी नहीं निकाल सका। यह घटना 12 जुलाई की रात करीब दो से चार बजे के बीच हुई।
शाखा प्रबंधक रति गुप्ता ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम में घुसकर छेड़छाड़ की। बैंक प्रबंधन ने सीसीटीवी की जांच की, जिसमें संदिग्ध की गतिविधियां कैद मिलीं। प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि शाखा प्रबंधक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।