लखनऊ। इंदिरानगर के तकरोही निवासी अरविंद लोधी ने सोमवार सुबह गौतमपल्ली स्थित गोल्फ क्लब चौराहे के पास खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। वह पिता की अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा न मिलने से नाराज थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। अरविंद को आत्मदाह के लिए उकसाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि अरविंद सुबह नौ बजे गोल्फ क्लब चौराहे के पास पहुंचे और खुद पर डीजल उड़ेल लिया। चौराहे के आसपास तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर उन पर पड़ गई और उन्हें समय रहते हुए पकड़ लिया गया। गौतमपल्ली पुलिस उन्हें थाने ले गई।
पूछताछ में अरविंद ने बताया कि वर्ष 2001 में उसके पिता की छह बीघा जमीन अधिग्रहीत की गई, लेकिन आज तक न तो इसका मुआवजा मिला और न ही जमीन वापस की गई। इससे परेशान होकर वह आत्मदाह करने पहुंचे थे।
गौतमपल्ली पुलिस ने इंदिरानगर पुलिस व अरविंद के परिजनों को बुलाया और उन्हें उघरवालों के हवाले किया। एसीपी ने बताया कि इंदिरानगर पुलिस को अरविंद की संबंधित विभाग से मदद कराने के लिए कहा गया है। अरविंद को आत्मदाह के लिए उकसाने के मामले में चौकी इंचार्ज शशिकांत सिंह की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।