संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। मड़ियांव में बुधवार रात 17 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के प्रयास के विरोध में हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह उसका शव पीपा पुल के पास गोमती नदी में उतराता मिला। पुलिस को पुल से कुछ दूरी पर किशोरी के कपड़े पड़े मिले। भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मड़ियांव पुलिस ने रिश्तेदार को हिरासत में लिया है। पोस्मॉर्टम रिपोर्ट में डूबने से किशोरी की मौत होने की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने स्लाइड बनाने के साथ ही स्लैब लिया है।
चौक निवासी युवक की पत्नी वर्ष 2016 में किसी के साथ चली गई थी। तभी से उनका बेटा व नाबालिग बेटी मड़ियांव में ननिहाल में रह रहे थे। दोनों का पालन पोषण नानी, मामा व मौसी करती थीं। मौसी और किशोरी लोगों के घरों में काम करती थीं। किशोरी के भाई के मुताबिक बुधवार रात करीब बाठ बजे उनके रिश्तेदार ने दवा लेने जाने की बात कही और बहन को अपने साथ बाइक से ले गया था।
रिश्तेदार ने कही अपहरण की बात
भाई ने बताया कि रात करीब 8:50 रिश्तेदार ने उन्हें काॅल कर कहा कि पीपा पुल के पास कार सवार कुछ लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा और किशोरी का अपहरण करके कार से भाग निकले। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। आनन-फानन वह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस को रिश्तेदार नशे में धुत मिला। छानबीन करने पर पुलिस को नदी किनारे दस मीटर की दूरी पर किशोरी के कपड़े और चप्पल पड़ी मिलीं। शक के आधार पर पुलिस ने रिश्तेदार को हिरासत में ले लिया। फिर रातभर नदी में सर्च अभियान चलाया। सुबह करीब चार बजे गोताखोर राम लखन व चंदू को किशोरी का शव मिला।
नहीं जाना चाहती थी किशोरी
भाई ने आरोप लगाया कि बहन रिश्तेदार के साथ जाना नहीं चाहती थी। वह जबरन उसे साथ ले गया। आरोप है कि रिश्तेदार ने बहन से दुष्कर्म का प्रयास किया। चिल्लाने और विरोध करने पर आरोपी ने बहन को नदी में धक्का दे दिया। इसके बाद उसने झूठी कहानी रच दी।
सीसीटीवी में नहीं दिखी कार
एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि रिश्तेदार के घटनाक्रम बताने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में पुलिस को कोई कार नहीं दिखाई पड़ी। बल्कि सिर्फ रिश्तेदार किशोरी के साथ नदी की ओर जाता दिखाई पड़ा।
रिश्तेदर ने की बरगलाने की कोशिश
एसीपी ने बताया कि हिरासत में लेने के बाद आरोपी से पूछताछ की तो वह बरगलाने लगा। पहले आरोपी ने बताया कि कार सवार ने किशोरी का अपहरण कर लिया। फिर बताया कि वह किशोरी के साथ जा रहा था। अचानक किशोरी ने कपड़े उतारे और नदी में छलांग लगा दी। एडीसीपी नॉर्थ ऋषभ रूणवाल ने बताया कि पुलिस अभी भी रिश्तेदार से पूछताछ कर रही है। साक्ष्य संकलन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।