लखनऊ। एलडीए के नायब तहसीलदार प्रवेश कुमार ने चार लोगों पर गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। काकोरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रवेश कुमार ने बताया कि 14 अक्तूबर को वह अनंत नगर योजना के तहत प्यारेपुर गांव में शासकीय कार्य से गए थे। वहां एलडीए की जमीन पर काम करते समय गांव के ही भानू यादव, पुतान यादव, चंद्रभान और पप्पू आ गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनका गला दबाना शुरू कर दिया। इससे उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई। किसी तरह खुद को छुड़ाने पर आरोपियों ने उन्हें पीटा। उन्होंने सरकारी मशीनों में तोड़फोड़ की और एक मशीन छीन ले गए। सहकर्मियों ने उन्हें बचाया। इसके बाद आरोपी धमकी देकर भाग निकले। इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।