तेलीबाग। साइबर जालसाज ने एसजीपीजीआई के डॉक्टर जितेंद्र सिंह चाहर को मुख्यमंत्री के नाम पर फर्जी मेल भेजकर ऑनलाइन मीटिंग में शामिल होने का दबाव बनाया। ठगी की आशंका होने पर डॉक्टर ने पीजीआई थाने में सोमवार को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
जितेंद्र सिंह संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में तैनात हैं। उनके मुताबिक, 11 नवंबर को cmupjoinmeet.in आईडी से एक मेल आया। इसके साथ पीडीएफ फाइल और लिंक अटैच था। पीडीएफ खोलने पर वह मुख्यमंत्री कार्यालय के लेटरपैड पर जारी पत्र जैसा दिखा। इसमें उन्हें ऑनलाइन मीटिंग में शामिल होने का निर्देश दिया गया था।
इसके बाद एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने मेल में दिए गए लिंक पर क्लिक कर मीटिंग में जुड़ने का दबाव बनाया। संदेह होने पर उन्होंने इन्कार करते हुए कॉल काट दी। बाद में जांच करने पर पता चला कि मेल आईडी और लेटरपैड दोनों फर्जी हैं। उन्होंने इसे ठगी का प्रयास बताते हुए पुलिस से शिकायत की।
एडीसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने बताया कि जांच के बाद पीजीआई पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस और साइबर टीम फर्जी मेल आईडी की पड़ताल के साथ कॉल करने वाले मोबाइल नंबर को भी ट्रेस कर रही है।