लखनऊ। पारा क्षेत्र के मोहान रोड स्थित शाहदरा पुलिया के पास बुधवार देर शाम पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काले रंग की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चला रहा नाबालिग छात्र नहीं रुका और पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। इसके बाद नाबालिग ने स्कॉर्पियो को अंदर से लॉक कर लिया और करीब आधे घंटे तक हंगामा करता रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और वाहन को जब्त कर सीज कर दिया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया पकड़ा गया नाबालिग 12वीं कक्षा का छात्र है। देर रात उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।