लखनऊ। गोमतीनगर इलाके में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना के वक्त पीड़िता मरम्मत के लिए दिया मोबाइल लेने निकली थी। उसके पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अलीगंज की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी मंगलवार रात आठ बजे मोबाइल लेने अकेले ही घर से निकली थी। संकल्प वाटिका के पास पहुंचकर उसने कॉल करने के लिए एक युवक का मोबाइल मांगा। कॉल करने पर मैकेनिक ने अगले दिन आने की बात कही। इस बीच मोबाइल देने वाला युवक के दो साथी ऑटो लेकर पहुंच गए। आरोपियाें की गलत नीयत से बेखबर युवती ऑटो में बैठ गई।
फन मॉल के पास पहुंचने पर किशोरी ने अलीगंज छोड़ने की बात कही। इस पर चालक जंगल के रास्ते ले जाने लगा। शक होने पर किशोरी ने विरोध जताया तो ऑटो में सवार दो युवक उसके साथ गलत हरकतें करने लगे। नेहरू एनक्लेव ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध पर उसका सिर दीवार से लड़ा दिया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर कॉलोनी में टहल रहे कुछ लोग मदद के लिए दौड़े तो आरोपी भाग निकले। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस पहुंच गई। खबर पाकर पहुंचे परिजन किशोरी को घर ले गए।
एसीपी गोमतीनगर विकास जायसवाल ने बताया कि फुटेज व सर्विलांस की मदद से शनिवार को गोमतीनगर पुलिस ने महानगर पेपर मिल कॉलोनी निवासी साहिल उर्फ चंदू, निशातगंज छठी गली निवासी शिबू कश्यप आैर आॅटो चालक चंकी सोनकर को गिरफ्तार किया।